जबलपुर* लोकसभा चुनाव की तैयारियां का ऐलान हो चुका है। निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी कर ली है। जबलपुर कलेक्टर ने साफ शब्दों में कहा है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना और एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने एक स्वर में कहा है कि चुनाव को प्रभावित करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा, चाहे वो भले ही वह किसी भी राजनीतिक पार्टी से जुड़ा क्यों न हो।
रविवार को पत्रकारों से कलेक्टर,एसपी के साथ अपर कलेक्टर मिशा सिंह और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना ने कहा कि चुनाव के दौरान हमेशा से ही मतदाताओं को नेता और उनकी पार्टी दो तरह से प्रभावित करती है, एक उन पर डर बनाकर और दूसरा उन्हें लालच देकर। अभी मतदाताओं पर डर बनाना मुश्किल है, लेकिन लालच देने का काम जारी है। मतदाता को लुभाने के लिए पैसा, शराब की पर्ची बांटी जाती हैं। पर जबलपुर पुलिस, प्रशासन सभी अनैतिक गतिविधियों की नजर रख रही है।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से चुनाव संपन्न हो यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारा प्रयास यह रहेगा कि लोकतंत्र के इस महापर्व पर मतदान के रूप में मतों की स्वतंत्र आहुति हो, किसी भी हाल में वोट की खरीद फरोख्त ना हो, वोट बिक ना पाएं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में मतगणना केंद्र में ईवीएम जमा करने के लिए हुई आ व्यवस्था के बाद लोकसभा में कई बदलाव किए हैं। इसमें सबसे बड़ा बदलाव यह है कि चार विधानसभा की पेटी शाम छह बजे और शेष चार विधानसभा की पेटी रात आठ बजे ली जाएगी। दोनों के बीच दो घंटे का अंतर होगा। वहीं केंद्र में आने जाने के लिए अलग अलग रास्तों का निर्माण कर सभी को उसी के अनुसार आने जाने का कार्यक्रम बताया जाएगा। निकासी के लिए भी अलग से रास्ते का निर्माण किया जा रहा है।
*पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ने बताया कि*
प्रदेश में जबलपुर में सबसे पहले मतदान होगा। जबलपुर में 19 अप्रैल को मतदान होना है। कम समय होने की वजह से हमने तैयारियों को समय पर पूरा कर लिया है। पूर्व की भांति इस बार भी आठ सुरक्षा कंपनी की मांग शासन से की गई है। बल उपलब्ध होते ही चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार आब्जर्वर के साथ सुरक्षा का प्लान तैयार किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार प्रसार और आपत्तिजनक पोस्ट पर साइबर की टीम अलग से नजर रखेगी। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।