कटनी( 6 दिसंबर)- होमगार्ड कार्यालय झिंझरी मे उत्साहपूर्वक होमगार्ड तथा नागरिक स्थापना दिवस मनाया गया। कलेक्टर अवि प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन ने स्थापना दिवस समारोह मे शामिल होकर होमगार्ड जवानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए शाबाशी और बधाई दी।
स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर श्री प्रसाद ने परेड का निरीक्षण किया, इस मौके पर मार्च पास्ट भी किया गया। इसके पूर्व परेड कमांडर श्याम सिंह धुर्वे प्लाटून कमांडर ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को सलामी दी।
इस दौरान महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री जी एवं डायरेक्टर जनरल होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के संदेश का वाचन डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट राजेश शर्मा द्वारा किया गया।
कलेक्टर अवि प्रसाद ने अपने उद्बोधन मे होमगार्ड जवानों की सेवाओं को नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए जवानों की हौसला अफजाई की। कलेक्टर ने समय-समय पर जिले मे आपदा के समय नागरिक सुरक्षा व आपदा प्रबंधन हेतु किए गए कार्यों मे होमगार्ड जवानों के योगदान को बेमिसाल बताया। समारोह को पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन ने भी संबोधित किया।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने इस मौके पर बेहतर कार्य करने वाले 20 कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और स्थापना दिवस की बधाई दी। साथ ही जवानों के बेहतर कार्यों की सराहना भी की। इसके बाद कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रुप से आपदा प्रबंधन सामग्रियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।