प्रदीप गुप्ता/ नर्मदापुरम/जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। इन कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए। बारिश के कारण खराब हुई सड़कों एवं क्षतिग्रस्त पुल पुलिया के रेस्टोरेशन का कार्य भी तेजी से किया जाए। यह निर्देश कलेक्टर नीरज कुमार सिंह सभी निर्माण विभागों के अधिकारियों को दिए हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने आज कलेक्टरेट कार्यालय में विभिन्न निर्माण विभाग अन्तर्गत संचालित सड़क, ब्रिज एवं अन्य निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम को पिपरिया के हाथवास एवं डोलरिया के हथेड नदी के पुल की मरम्मत शीघ्र करने के निर्देश दिए। संभागीय प्रबंधक मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम ने बताया कि इन दोनों पुलों पर मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। बैठक में कलेक्टर ने एनएच के अधिकारियों से सुखतवा पुल की प्रगति भी जानी। एनएच के अधिकारी श्री अभिषेक जैन ने बताया कि सुखतवा पुल पर अभी दो एक्सपेंशन ज्वाइंट का कार्य पूर्ण हो गया है, 2 का शेष है। मौके पर प्यूरिंग का कार्य चल रहा है। प्रयास यह है कि अक्टूबर माह से आवागमन शुरू किया जा सके। उन्होंने निर्देशित किया कि बैली ब्रिज पर से निर्धारित क्षमता से अधिक के वाहन ना निकले यह सुनिश्चित किया जाए। यहां के अस्थाई मार्ग को पूरी तरह बंद करें। कलेक्टर श्री सिंह ने एनएच के अधिकारियों को इटारसी से नर्मदापुरम के बीच फोरलेन पर सड़क सुरक्षा की दृष्टि से भी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
*इन विभागों की कि समीक्षा*
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीआईयू मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, ब्रिज कॉर्पोरेशन एवं एनएचअंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभागों से भूमि अधिग्रहण के मुद्दों की भी जानकारी ली और शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।