रिपोर्टर प्रिया दुबे
*दो वार्डो के निरीक्षण के दौरान 2 दुकानों के लायसेंस नवीनीकरण नहीं पाये गए : नवीनीकरण कराने के मौके पर दिये निर्देश*
*सोमवार से संभागवार किरायेदारी तथा लायसेंस निरीक्षण अभियान चलाया जायेगा – निगमायुक्त प्रीति यादव*
जबलपुर। किरायेदारी और दुकानों के सत्यापन कार्यो के दौरान आज राजस्व और बाजार विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। उपायुक्त पी.एन. सनखेरे ने बताया कि नगर निगम की राजस्व में वृद्धि करने तथा शहरी क्षेत्रों के मकानों का सही माप कर गणना करने तथा उस हिसाब से बकाया करों की वसूली के लिए निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव के द्वारा लगातार राजस्व विभाग के साथ समीक्षा कर निर्देश दिये जा रहे हैं। इसके लिए निगमायुक्त द्वारा संभागवार एवं वार्डवार किरायेदारों की जानकारी भी एकत्रित कराई जा रही है, ताकि राजस्व निकार्ड में सभी चीजें सही तरीके से दर्ज किया जा सके। मकानों का सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव के निर्देशानुसार राजस्व वसूली में वृद्धि हेतु विगत 04 माह से वार्डों में किरायेदारी तथा एरिया सुधार किये जाने लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आज राजस्व मुख्यालय टीम से उपायुक्त राजस्व पी. एन. सनखेरे एवं सहायक राजस्व निरीक्षक रूपेश कुमार रजक, श्रीमती अपर्णा शुक्ला एवं सुश्री निशा टेकाम द्वारा संभाग 10 रॉंझी अंतर्गत वार्ड लाला लाजपत राय वार्ड में समदड़िया काम्प्लेक्स के आस-पास 15 मकानों एवं दुकानों का लायसेंस एवं किरायेदारी निरीक्षण किया गया, जिसमें सम्पत्तिकर सही जमा होना पाया गया, परन्तु 2 दुकाने सम्पत्ति आई.डी. 1000592657 में व्यापारिक लायसेंस का लेडी ब्यूटी पार्लर एवं शिवशंकर वेल्डिंग का नवीनीकरण नहीं पाया गया, निरीक्षण के दौरान ही संबंधित लायसेंस निरीक्षक को दोनों दुकानों के लायसेंस का नवीनीकरण कर अवगत कराने के निर्देश दिये गए।
इसके पश्चात संभाग क्रमांक 11 राजागोकुलदास धर्मशाला के अंतर्गत सुभाष चन्द्र बैनर्जी वार्ड का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में 5 दुकाने एवं 1 मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में किरायेदारी सही पाई गयी। उन्होंने बताया कि सोमवार से संभागवार किरायेदारी तथा लायसेंस का निरीक्षण अभियान चलाया जायेगा। कार्यवाही के समय राजस्व विभाग की टीम आदि उपस्थित रही।